Summer Express, नारनौल | हरियाणा के नारनौल से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बैंक खाता अनफ्रीज कराने के बदले रिश्वत मांगने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महावीर चौक पर की गई, जहां आरोपियों के पास से 10 हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली क्षेत्र के जवाहर नगर निवासी नीरज का बैंक खाता फ्रीज हो गया था। इसी बीच उसे उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित साइबर क्राइम शाखा से कॉल आई, जिसमें खाता दोबारा चालू कराने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत तुरंत ACB को दी।
शिकायत के आधार पर ACB ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत नीरज ने आरोपियों को पैसे देने के लिए बुलाया। जैसे ही उसने 10 हजार रुपये सौंपे, टीम ने मौके पर पहुंचकर गौरव नामक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से 500-500 रुपये के 20 नोट बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान गौरव की निशानदेही पर ACB ने दूसरे आरोपी जितेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि जितेंद्र, सुल्तानपुर साइबर ब्रांच में तैनात IO सत्येंद्र का भाई है और उसी के कहने पर पैसे लेने आया था।
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजय कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था और उनकी मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।
ACB अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गहन जांच जारी है और साइबर ब्रांच के IO सत्येंद्र की भूमिका भी जांच के दायरे में है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।