Summer express, गुरुग्राम। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए डीएलएफ फेज-2 के एम ब्लॉक समेत आठ लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में अभियान चलाया। इस कार्रवाई का चौथा दिन रहा, जिसमें कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान के तहत साउथ सिटी-1 में 18 मीटर चौड़ी सड़क पर किए गए बड़े पैमाने पर अतिक्रमण को हटाया गया। डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में विभाग की आठ अलग-अलग टीमों ने यह कार्रवाई की।
अभियान के दौरान डीएलएफ फेज-2 के एम ब्लॉक में पार्किंग क्षेत्रों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इससे पहले इन अतिक्रमणों को हटाने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे, जिसके बाद मंगलवार को कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
विभाग ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी निर्माण, अवैध पार्किंग, फुटपाथ पर कब्जे और सार्वजनिक स्थानों पर रखे गए सामान को हटाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और बिना किसी भेदभाव के की जा रही है।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में अन्य कॉलोनियों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने स्पष्ट किया कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान गुरुग्राम में व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।