summer express, सिरसा। कालांवाली के गांव खोखर में मंगलवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक पिता ने अपने 35 वर्षीय बेटे जसवंत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार, जसवंत सिंह घटना के समय अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान उसका पिता घर पहुंचा और सोते हुए जसवंत पर गोली चला दी। गोली लगने से जसवंत की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता वहां से फरार हो गया।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कालांवाली चौकी प्रभारी देवीलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।