Summer express/ऊना,राकेश -:हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। प्रदेश में सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है, कई बसों के रूट बंद पड़े हैं और सरकार के पास बसों के लिए नए टायर खरीदने तक के पैसे नहीं हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सड़कों का निर्माण केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध करवाए जा रहे धन से हो रहा है। केंद्र सरकार प्रदेश के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहायता दे रही है, लेकिन राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों की खस्ता हालत के चलते आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं और बसों के रूट बंद करने पड़ रहे हैं।उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के चार साल भाजपा को कोसने और भाषणबाजी करने में ही निकल गए। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जनता से कई गारंटियां देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा नहीं किया गया। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठे वादे करके सत्ता में आई और अब जनता से किए गए वादों को निभाने में असफल रही है।
वहीं, राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाने और दिल्ली में प्रदर्शन करने पर भी जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को न तो देश के प्रति और न ही देश की संस्कृति के प्रति कोई सम्मान है। कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितना जोर लगा ले, वर्ष 2029 में भी केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार बनेगी। कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने की उम्मीद पूरी नहीं होने वाली है।
