Summer express, हिसार | हिसार में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एएसपी मयंक मुदगिल के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और एक लैपटॉप सहित बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच के मुताबिक, यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन डालकर खुद को नामी म्यूचुअल फंड कंपनी का प्रतिनिधि बताया जाता था और फिर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को जोड़कर शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया जाता था। इसके बाद पीड़ितों से एक फर्जी मोबाइल एप डाउनलोड करवाकर निवेश के नाम पर रकम जमा करवाई जाती थी।
बरवाला निवासी एक पीड़ित ने शिकायत में बताया कि उसने झांसे में आकर करीब 29 लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा कर दिए। आरोपियों द्वारा फर्जी ऐप में भारी मुनाफा दिखाया जाता था ताकि निवेश बढ़ता रहे। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो उससे अतिरिक्त शुल्क मांगा गया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार पंजाब, राजस्थान और हैदराबाद तक जुड़े हैं। आरोपी फर्जी नामों से बैंक खाते खुलवाते थे या खरीदते थे और ठगी की रकम ‘एम/एस इंजमाम क्लॉथ हाउस’ जैसे नकली खातों में ट्रांसफर करते थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के और मामलों का खुलासा हो सके। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले लुभावने निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें और किसी भी अनजान लिंक या ऐप पर भरोसा न करें।