Summer express, रेवाड़ी। जिले में अर्णब चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से लगातार दूसरे दिन मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे पहले रातभर हुई तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में करीब 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बारिश के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई है, वहीं शहर के निचले इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बारिश का असर रेवाड़ी की नई अनाज मंडी में भी देखने को मिला। मंडी में बाजरे की भारी आवक के मुकाबले उठान की गति धीमी होने से सैकड़ों क्विंटल अनाज खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ था। रातभर हुई बारिश के कारण बाजरे की ढेरियां भीग गईं। इससे किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है। मंडी में पहले से ही उठान में देरी के चलते बड़ी मात्रा में बाजरा जमा है। ऐसे में लगातार बारिश के कारण अनाज को सुरक्षित रखना चुनौती बन गया है।
देर रात बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से बिजली निगम को भी नुकसान हुआ। शहर में शुक्रपुरा स्थित लाल मस्जिद क्षेत्र, नई आबादी और कालका रोड पर बिजली के ट्रांसफार्मरों पर बिजली गिरने से वे क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रांसफार्मरों में खराबी आने के कारण संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। बिजली निगम की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को ठीक करने की कार्रवाई की जा रही है।