Summer express, रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रूढ़ फ्लाईओवर के पास शुक्रवार सुबह दो डंपरों और राजस्थान रोडवेज की बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में करीब 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना में सात यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रूढ़ फ्लाईओवर के पास दो डंपरों की आपस में भिड़ंत हो गई। इसी दौरान जयपुर की तरफ से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस भी दुर्घटनाग्रस्त डंपरों से टकरा गई। अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना के बाद यातायात पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।