Mandi: रेड अलर्ट के बीच मंडी जिले में मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह चरमरा कर रख दिया है। बीते 24 घंटों में हुई भारी वर्षा से जिले में करीब 4.22 करोड़ रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। जिले भर में 198 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिनकी बहाली के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।
एडीसी मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानों के गिरने की घटनाएं हुईं, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। हाईवे को प्राथमिकता पर खोल दिया गया है, हालांकि औट के पास अब भी केवल वन-वे मूवमेंट की ही अनुमति है।सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र धर्मपुर उपमंडल रहा, जहां 47 सड़कें पूरी तरह बंद हो गईं हैं। प्रभावित इलाकों में मशीनरी भेज दी गई है और बहाली का कार्य तेजी से जारी है।
प्राकृतिक आपदा से अकेले 3.80 करोड़ रुपये की सीधी क्षति दर्ज की गई है, जबकि शेष नुकसान अन्य विभागों जैसे बिजली और जल आपूर्ति से जुड़ा है। इन सेवाओं की बहाली के लिए विभागीय टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बिल्कुल आवश्यक हो तभी यात्रा करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।