पंजाब | पंजाब में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे राज्यभर में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कुछ समय पहले जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर अधिकतम 35.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।
राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश के कारण औसतन 1.5 डिग्री की गिरावट देखी गई है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जालंधर, लुधियाना, पठानकोट, चंडीगढ़, होशियारपुर, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर जैसे जिलों में पारा 30 डिग्री से नीचे रहा।
मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए चेतावनी भी जारी की है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
आगामी 3 से 4 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।