Summer express, अनिल मंगला, फरीदाबाद। शहर के खेड़ी पुल इलाके में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज आंधी के दौरान निर्माणाधीन इमारत की दीवार स्कूल की छत पर गिर गई। हादसे में यूकेजी कक्षा के चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार खेड़ी पुल थाना क्षेत्र की भारत कॉलोनी स्थित 35 फुट रोड पर हंस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में रोजाना की तरह पढ़ाई चल रही थी। सुबह करीब साढ़े 9 बजे स्कूल के साथ बन रही बहुमंजिला इमारत की दीवार का बड़ा हिस्सा अचानक तेज आंधी के कारण स्कूल की छत पर आ गिरा। दीवार गिरते ही छत टूटकर नीचे बैठ गई और कक्षा में मौजूद बच्चों के ऊपर मलबा गिर पड़ा।
हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। घायल बच्चों की पहचान दीप्ति, दिव्या, मीरा और नंदू के रूप में हुई है। सभी बच्चे यूकेजी कक्षा के छात्र हैं और उनकी उम्र 6 से 7 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे में बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस कर्मचारी खुर्शीद ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद इलाके के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठाए हैं। वहीं बच्चों के परिजन अस्पताल में अपने मासूमों की सलामती के लिए परेशान नजर आए।