Summer express, गुरदासपुर | पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां सेना के जवान ने फेसबुक पर लाइव आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जवान ने लाइव वीडियो के दौरान अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए। हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
मृतक जवान की पहचान गांव छित निवासी कंवलजीत सिंह के रूप में हुई है। वह करीब तीन साल पहले भारतीय सेना में भर्ती हुआ था और फिलहाल 17 सिख रेजिमेंट में तैनात था। जानकारी के अनुसार, इन दिनों उसकी अस्थायी ड्यूटी जबलपुर में लगी हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, सफर के दौरान कंवलजीत सिंह फेसबुक पर लाइव आया। लाइव वीडियो में उसने अपनी पत्नी समेत कुछ लोगों पर मानसिक उत्पीड़न और परेशान करने के आरोप लगाए। इसी दौरान उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। वीडियो खत्म होने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां सुरजीत कौर ने बताया कि बेटे की शादी फरवरी 2026 में सरबजीत कौर के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद बहू रात के समय घर छोड़कर चली गई थी। इस संबंध में कंवलजीत ने पुलिस थाना सदर में शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
परिवार का कहना है कि जवान लंबे समय से मानसिक तनाव में था। मृतक की बहन संदीप कौर ने आरोप लगाया कि उसका भाई पत्नी के कथित संबंधों को लेकर भी परेशान रहता था और इस बारे में उसने कई बार ससुराल पक्ष से बात की थी, लेकिन उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
मां ने बताया कि शुक्रवार सुबह यूनिट से फोन आया, जिसमें बेटे की आत्महत्या की सूचना दी गई। उनका कहना है कि फेसबुक लाइव के दौरान कंवलजीत ने कई लोगों के नाम भी लिए थे। अब परिवार ने संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, थाना सदर के अंतर्गत चौकी शेखूपुर के एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि पहले मिली शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। चूंकि आत्महत्या की घटना जबलपुर में हुई है, इसलिए आगे की कार्रवाई वहां की पुलिस करेगी।
घटना के बाद गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।