Summer express, भूपेंदर ठाकुर , सोलन | हिमाचल प्रदेश के कंडाघाट में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कूटी सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक उछलकर दूसरी लेन में जा गिरा और सामने से आ रहे वाहन की चपेट में आ गया।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय रमेश के रूप में हुई है, जो कंडाघाट बाजार में एक ढाबे पर काम करता था। जानकारी के अनुसार रमेश अपनी स्कूटी पर कंडाघाट से सोलन की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी स्कूटी सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद युवक सड़क की दूसरी तरफ जा गिरा, जहां सोलन से शिमला की ओर जा रहा एक वाहन गुजर रहा था। युवक वाहन के सामने आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोलन अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में स्कूटी के नियंत्रण खोने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।