Summer express/शिमला, संजू-: राजधानी शिमला के टुटीकंडी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह जंगल में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज गर्मी और लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण आग ने देखते ही देखते जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें रिहायशी इलाकों के बेहद करीब पहुंचने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में डर और चिंता बढ़ गई। लोगों को अपने घरों और आसपास की संपत्ति की सुरक्षा की चिंता सताने लगी।
सुबह के समय स्थानीय निवासियों ने जंगल से उठता घना धुआं और तेज लपटें देखीं, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और वन विभाग को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पहाड़ी क्षेत्र में फैल रही थी, जिसके कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों को भी तैनात किया गया ताकि आग को फैलने से रोका जा सके। विभाग लगातार पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है ताकि दोबारा आग न भड़के। उन्होंने लोगों से अपील की कि जंगलों के आसपास किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आग से जुड़ी किसी भी घटना की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।गौरतलब है कि गर्मियों के मौसम में शिमला और आसपास के क्षेत्रों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ता तापमान, सूखा मौसम और मानवीय लापरवाही इन घटनाओं की मुख्य वजह बन रही है।