Summer express, विजयापुरा। कर्नाटक के विजयापुरा जिले में जमीन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिले के गोविंदपुर गांव में छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पहले पीड़ितों को गोली मारी और बाद में उनके शवों पर कुल्हाड़ी से हमला किया।
यह सनसनीखेज वारदात चडचान पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोविंदपुर गांव में हुई। मृतकों की पहचान चंदू निराले, दुंदप्पा निराले, शिवपुत्र निराले, राहुल निराले, समर्थ निराले और शब्बीर नदाफ के रूप में हुई है। सभी मृतक इसी गांव के निवासी थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड निराले और गोलागी परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद से जुड़ा हो सकता है। पुलिस को आशंका है कि गोलागी परिवार के कुछ लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।