Summer express, अनिल मंगला , फरीदाबाद | जम्मू-कश्मीर में घूमने गए फरीदाबाद के बल्लभगढ़ के पांच दोस्तों की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। देर रात जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा के जगती-करली क्षेत्र में उनकी कार एक बस से टकरा गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में सिकंदर सैफी और शक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मोहित वर्मा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त घूमने के लिए कश्मीर गए थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे का कारण तेज रफ्तार को माना है। हादसे की सूचना मिलते ही बल्लभगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।