Summer express, जालंधर | जालंधर जिला अदालत परिसर के बाहर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा एक सूखा पेड़ अचानक टूटकर पार्किंग में खड़ी दो गाड़ियों पर गिर पड़ा। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10:15 बजे की है। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में अदालत परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पेड़ गिरने से सड़क का एक हिस्सा भी बाधित हो गया, जिसके कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा और मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
क्षतिग्रस्त वाहनों में से एक गाड़ी अधिवक्ता गुलशन सेठी की बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी कार पार्क कर चैंबर चले गए थे। कुछ समय बाद उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी गाड़ी पर पेड़ गिर गया है। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उनकी कार पेड़ के नीचे दब चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस के उपनिरीक्षक सतनाम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया और फिर स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को हटाने का काम शुरू करवाया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ हटाया गया, जिसके बाद यातायात दोबारा सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित पेड़ लंबे समय से सूखा और जर्जर अवस्था में था, लेकिन इसे हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से शहर में सूखे और कमजोर पेड़ों की समय रहते पहचान कर उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि हादसे के समय कोई व्यक्ति गाड़ियों के पास मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।