दर्शन सिंह संधू | तरनतारन
तरनतारन जिले के हरिके कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते एक किशोर की हत्या कर दी गई। दोस्तों ने 2 नाबालिग भाइयों पर कथित तौर पर श्री साहिब से हमला किया, जिसमें छोटा भाई घायल हो गया। पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गुरलाल सिंह (15) और उसका बड़ा भाई अंगदजोत सिंह (17) निवासी हरिके, बीती रात करीब 8:30 बजे पट्टी रोड स्थित एक दुकान पर मोमोज खा रहे थे। इसी दौरान अंगदजोत के साथ पढ़ने वाले उसके पुराने दोस्त वहां पहुंच गए। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुरशेर सिंह, सरूप सिंह और सिमरन सिंह ने दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया।
इस दौरान अंगदजोत सिंह पर श्री साहिब से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़े भाई को बचाने के लिए जब गुरलाल सिंह बीच-बचाव करने आया तो उसे भी घायल कर दिया गया। घायल दोनों भाइयों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंगदजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुरलाल सिंह का इलाज जारी है।