Summer express, राहुल चावला, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन और पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह जारी की है। मानसून के दौरान नदी-नालों और पहाड़ी क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने से हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से जोखिम भरे स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पिछले कई दिनों से धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदी-नाले और खड्ड उफान पर हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन स्थानों पर नहाने और घूमने पहुंच रहे हैं, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान पहाड़ी ट्रैक और नदी-नालों के आसपास जाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैकिंग या पर्यटन के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।
एएसपी वीर बहादुर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति प्रशासन की चेतावनी के बावजूद नदी-नालों या खतरनाक क्षेत्रों में जाता पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस एक्ट और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मानसून के मौसम में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है और छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।