Summer express, राकेश कुमार शर्मा ,करनाल, 7 जुलाई 2026: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सोमवार देर शाम करनाल पहुंचे, जहां दिशा बैठक से पहले उन्होंने रेस्ट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए कई अहम राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपनी राय रखी। इस दौरान उन्होंने गीता के संदेश, पर्यटन नीति, , सरस्वती नदी परियोजना, यमुना जल समझौता, पाकिस्तान नीति, गैंगस्टर नेटवर्क, इथेनॉल उत्पादन और अमरनाथ यात्रा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मीडिया से बातचीत के दौरान मनोहर लाल ने अपनी जेब में रखी छोटी गीता दिखाते हुए कहा कि गीता केवल पढ़ने की पुस्तक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शन है। उन्होंने लोगों से गीता के संदेशों को जीवन में अपनाने की अपील की।
पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा
हरियाणा की नई पर्यटन नीति पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन को नई पहचान देने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने लोहागढ़ किले और लोहागढ़ फाउंडेशन का जिक्र करते हुए कहा कि यह हमारी ऐतिहासिक विरासत और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने बाबा बंदा सिंह बहादुर के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
सरस्वती नदी परियोजना पर जारी प्रयास
मनोहर लाल ने सरस्वती नदी पुनर्जीवन परियोजना को भारतीय संस्कृति और सभ्यता से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बताया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है और संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया गया है।
राजस्थान को पानी देने पर दिया जवाब
यमुना जल समझौते को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान को अतिरिक्त पानी देना कोई नया विषय नहीं है। यह वर्षों पुराने समझौतों और निर्धारित जल नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि अतिरिक्त पानी उपलब्ध होता है तो उसे साझा करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
पाकिस्तान को आतंकवाद पर स्पष्ट रुख अपनाने की जरूरत
भारत-पाकिस्तान संबंधों पर मनोहर लाल ने कहा कि पाकिस्तान को सबसे पहले आतंकवाद को संरक्षण देना बंद करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और जब तक पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ ईमानदार रुख नहीं अपनाता, तब तक सामान्य संबंधों की उम्मीद नहीं की जा सकती।
चिनाब परियोजना से कई राज्यों को राहत की उम्मीद
चिनाब नदी के पानी को अन्य नदियों के जरिए हरियाणा तक लाने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि इससे जल संकट को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पंजाब समेत कई राज्यों में पानी की समस्या बनी हुई है और इस दिशा में सफल योजना कई प्रदेशों के लिए राहत साबित हो सकती है।
युवाओं से गैंगस्टर नेटवर्क से दूर रहने की अपील
प्रदेश में बढ़ती गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व युवाओं को अपराध की दुनिया की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे लोगों से दूर रहने और किसी भी तरह की धमकी या फिरौती के मामले में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।
आत्मनिर्भर भारत में इथेनॉल की अहम भूमिका
इथेनॉल उत्पादन को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों पर तेजी से काम कर रही है। देश में उपलब्ध संसाधनों से ऊर्जा तैयार करना आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देगा।
यूनिटी मॉल से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
पीएम यूनिटी मॉल परियोजना पर बोलते हुए मनोहर लाल ने कहा कि इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है। इससे पारंपरिक उद्योगों और हस्तशिल्प को नई पहचान मिलेगी।
अमरनाथ यात्रियों के लिए रवाना किया भंडारा वाहन
केंद्रीय मंत्री अमरनाथ यात्रा के लिए करनाल से रवाना किए गए भंडारा वाहन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी सामाजिक संस्थाओं की सराहना की और वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह स्वयं अमरनाथ यात्रा पर जाएंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “जब बाबा बुलाएंगे, तब जरूर जाऊंगा।” उन्होंने कहा कि यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।