Summer express,हिसार। हिसार रोडवेज बस स्टैंड परिसर में पेड़ों की कटाई के मामले में मंगलवार को सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड ने एक बार फिर जांच की। डीएसपी विक्रम भादू के नेतृत्व में पहुंची टीम ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर पूरे मामले से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की।
जांच के दौरान हिसार और फतेहाबाद के डीएफओ भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पेड़ों की कटाई से संबंधित अनुमति, स्वीकृति पत्र, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि पेड़ों की कटाई निर्धारित नियमों और विभागीय प्रक्रिया के अनुरूप की गई थी या नहीं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम यह स्पष्ट करने में जुटी है कि पेड़ों की कटाई के लिए आवश्यक प्रशासनिक और वन विभाग की मंजूरी ली गई थी या नहीं। मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।