Summer express, कराची I पाकिस्तान के कराची तट के पास लापता हुए एक कार्गो विमान का मलबा अरब सागर से बरामद कर लिया गया है। हालांकि विमान में सवार पांचों क्रू मेंबर्स का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पाकिस्तानी नौसेना और बचाव एजेंसियां समुद्र में लगातार खोज एवं राहत अभियान चला रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी एयरलाइन K2 Airways का कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह से पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी आने की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी गई थी। इसके कुछ समय बाद विमान से संपर्क पूरी तरह टूट गया, जिसके बाद व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तानी नौसेना और नागरिक बचाव दलों ने करीब 12 घंटे तक चले संयुक्त अभियान के बाद अरब सागर से विमान का मलबा बरामद किया। फिलहाल विमान में सवार पांचों लापता क्रू सदस्यों की तलाश जारी है।
अभियान से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, खराब मॉनसून, ऊंची समुद्री लहरें और विशाल सर्च एरिया राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बने हुए हैं। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बचाव दल लगातार अभियान चलाकर लापता क्रू मेंबर्स का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।