Summer express, चंडीगढ़। हरियाणा में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद के तहत कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त 19 से 23 जुलाई तक राज्य के पांच जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह 18 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं, जिला कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े नेताओं के साथ सीधे संवाद करेंगे। इस दौरे की शुरुआत 19 जुलाई को पंचकूला से होगी।
पार्टी की रणनीति के अनुसार इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन करना, कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना है। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही भविष्य के चुनावों में पार्टी की स्थिति को बेहतर बना सकता है।
दौरे के पहले दिन संजय दत्त पंचकूला विधानसभा, कालका विधानसभा और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों से बैठक करेंगे। इसके बाद वे यमुनानगर पहुंचकर शहरी जिला कांग्रेस कमेटी तथा यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।
20 जुलाई को वे यमुनानगर जिले के जगाधरी, साढ़ोरा और रादौर विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसी दिन अंबाला छावनी जिला कांग्रेस कमेटी और अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।
21 जुलाई को अंबाला जिले के मुलाना और नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के अलावा ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद संजय दत्त कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे, जहां जिला कांग्रेस कमेटी, शाहबाद और थानेसर विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।
22 जुलाई को पिहोवा और लाडवा विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकों के बाद वे करनाल पहुंचेंगे। यहां ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के साथ-साथ घरौंडा, इंद्री और नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। दौरे के अंतिम दिन 23 जुलाई को करनाल और असंध विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं तथा शहरी जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद वह दिल्ली रवाना होंगे।
बताया जा रहा है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है, ताकि कार्यकर्ताओं की राय और सुझाव विस्तार से सुने जा सकें। इस दौरान संगठन में गुटबाजी कम करने, निष्क्रिय इकाइयों को सक्रिय बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने और नए मतदाताओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
दौरे के बाद संजय दत्त 24 और 25 जुलाई को दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। माना जा रहा है कि इस फीडबैक के आधार पर संगठनात्मक ढांचे में बदलाव और आगामी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जा सकते हैं।