जालंधर
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को ऐतिहासिक रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम का दौरा कर दिसंबर में होने वाली सब-जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल के निर्माण के लिए 2.14 करोड़ रुपये की विशेष ग्रांट देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 44 वर्षों के बाद राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप रायजादा हंसराज स्टेडियम में लौट रही है। अंडर-13 वर्ग की यह प्रतियोगिता पंजाब में बैडमिंटन को बढ़ावा देने के साथ राज्य की खेल संस्कृति को और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेलों और आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास पर लगातार जोर दे रही है।
भगवंत मान ने 2.14 करोड़ रुपये की मंजूरी का चेक जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरजीत सिंह वालिया और पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना को सौंपा। उन्होंने कहा कि करीब छह दशकों में यह पहला अवसर है, जब किसी मौजूदा मुख्यमंत्री ने इस प्रतिष्ठित स्टेडियम का दौरा किया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, परियोजना का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा और टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। निर्माण कार्य अगस्त से शुरू होने की उम्मीद है। स्टेडियम में मौजूद चार आउटडोर बहुउद्देश्यीय कोर्टों को अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली इंडोर बैडमिंटन सुविधा में बदला जाएगा।
परियोजना पूरी होने के बाद स्टेडियम में कुल 10 इंडोर बैडमिंटन कोर्ट हो जाएंगे।
इसके साथ ही यह पंजाब का सबसे बड़ा इंडोर बैडमिंटन परिसर और उत्तर भारत के प्रमुख बैडमिंटन केंद्रों में से एक बन जाएगा। इससे राज्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने की क्षमता भी बढ़ेगी।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों से बातचीत की तथा मौजूदा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।