Summer express/उना,राकेश-:कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब हटली-जसाना वार्ड से BDC सदस्य शेर सिंह और कुरयाला वार्ड से BDC सदस्य अरुण कुमार ने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। दोनों BDC सदस्यों ने विधायक विवेक शर्मा की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।कांग्रेस में शामिल होने के बाद शेर सिंह और अरुण कुमार ने कहा कि विधायक विवेक शर्मा की कार्यशैली और कुटलैहड़ क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस के साथ जुड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि विधायक लगातार क्षेत्र की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठा रहे हैं और सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
दोनों BDC सदस्यों ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जनप्रतिनिधि का जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि विधायक विवेक शर्मा लगातार आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और इसी कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया।
2027 में विवेक शर्मा को प्रचंड बहुमत दिलाने का संकल्प
कांग्रेस में शामिल हुए दोनों BDC सदस्यों ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एकजुट कर पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।शेर सिंह और अरुण कुमार ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी-अपनी पंचायत और वार्ड से विधायक विवेक शर्मा को प्रचंड बहुमत दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि जनता विकास कार्यों का मूल्यांकन करती है और आने वाले चुनाव में कुटलैहड़ की जनता विकास के नाम पर अपना जनादेश देगी।
हर कार्यकर्ता को मान-सम्मान देना हमारा कर्तव्य: विवेक शर्मा
विधायक विवेक शर्मा ने कांग्रेस में शामिल हुए शेर सिंह, अरुण कुमार और उनके सभी समर्थकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक साथी को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। कांग्रेस संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत होता है और हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है।विवेक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आम जनता और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने नए साथियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की समस्याओं को सामने लाने और विकास कार्यों को गति देने में सहयोग करने का आह्वान किया।विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और जरूरतमंद लोगों की सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कुटलैहड़ के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।दर्जनों समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने से हटली-जसाना और कुरयाला क्षेत्र में पार्टी के स्थानीय संगठन को नई ऊर्जा मिलने का दावा किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए साथियों का स्वागत करते हुए पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।