Summer express, गन्नौर। खुबड़ू गांव में सिलिंडर फटने से मकान की छत गिरने और आग लगने की घटना के बाद प्रभावित परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई थी। हादसे में घर का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया था। अब विधायक देवेंद्र कादियान ने परिवार को नया मकान बनवाकर देने का आश्वासन दिया है। नया मकान तैयार होने तक परिवार के रहने की व्यवस्था गांव की चौपाल में की गई है।
विधायक देवेंद्र कादियान ने बताया कि खुबड़ू गांव निवासी हरिओम के घर में कुछ दिन पहले चाय बनाते समय अचानक सिलिंडर फट गया था। तेज धमाके के बाद मकान की छत ढह गई और आग लगने से घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षित ठिकाने की थी।
विधायक देवेंद्र कादियान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी देवा सोसायटी की ओर से क्षतिग्रस्त मकान की जगह नया घर बनवाया जाएगा। इसके अलावा प्रशासन के स्तर पर मिलने वाली सहायता भी परिवार तक पहुंचाने के लिए प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान जिला पार्षद संजय बड़वासनिया भी मौके पर पहुंचे और परिवार की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 2200 मकानों का निर्माण अभी किया जा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों का दोबारा सर्वे कराया जाए, ताकि पात्र लोगों को योजना में शामिल कर उन्हें सुरक्षित और पक्के मकान उपलब्ध कराए जा सकें।
जिला पार्षद ने कहा कि गांवों में जर्जर मकानों का समय-समय पर सर्वे कराया जाना जरूरी है। यदि ऐसे मकानों की समय रहते मरम्मत करा दी जाए तो हादसों को टाला जा सकता है और गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने बताया कि पहले मकानों की मरम्मत के लिए बड़ी संख्या में लोगों से आवेदन लिए गए थे, लेकिन उनमें से करीब पांच प्रतिशत लोगों का ही चयन हो पाया। उन्होंने मांग की कि दोबारा सर्वे कराकर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ दिया जाए।