Summer express/राहुल चावला , धर्मशाला-:वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से प्रदेशभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हिमाचल पुलिस का ब्रास बैंड विभिन्न जिला मुख्यालयों में पहुंचकर वाद्य यंत्रों के माध्यम से ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति दे रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व से परिचित करवाने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।
जिला कांगड़ा में पुलिस बैंड के पहुंचने पर इसका स्वागत किया गया। इस दौरान एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि यह यात्रा शिमला से शुरू हुई है और प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर लोगों के बीच ‘वंदे मातरम’ का महत्व पहुंचाया जा रहा है। पुलिस ब्रास बैंड द्वारा ‘वंदे मातरम’ का वादन और गायन कर आम लोगों को इसके ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।एसपी ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रतीक है। अभियान के माध्यम से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि ऐतिहासिक दौर में ‘वंदे मातरम’ का क्या महत्व रहा और किस भावना के साथ इसका गायन किया गया।उन्होंने बताया कि पुलिस ब्रास बैंड की यह यात्रा पूरे प्रदेश में जारी रहेगी और आगामी दिनों में अन्य जिलों एवं शहरों में भी पहुंचकर ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति देगा। अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक राष्ट्रगीत का संदेश और इसका महत्व पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।