लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
किचलू नगर में सड़क धंसने की घटना को लेकर नगर निगम की ओएंडएम सेल कमेटी ने बुधवार को मौके का निरीक्षण किया। डिप्टी मेयर प्रिंस जोहर की अध्यक्षता में पहुंची कमेटी ने मामले की विस्तृत जांच करवाने और जांच में केबल कंपनी या एजेंसी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाने की सिफारिश की है।
निरीक्षण के दौरान कमेटी के सदस्यों ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि सड़क के नीचे अंडरग्राउंड वायर बिछाने के बाद यह घटना हुई। हालांकि, जिम्मेदारी तय करने से पहले पूरे मामले की जांच जरूरी है। कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में संबंधित कंपनी या एजेंसी दोषी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और नगर निगम को सड़क की मरम्मत में हुए नुकसान की भरपाई भी उसी से करवाई जाए। डिप्टी मेयर प्रिंस जोहर ने कहा कि सड़क धंसने की घटना गंभीर है और इसमें जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मामले की उचित जांच करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में केबल कंपनी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाने के साथ-साथ नुकसान की भरपाई भी करवाई जानी चाहिए। इस दौरान कमेटी की सदस्य पार्षद मनिंदर कौर घुम्मन, पार्षद जगदीश लाल दिशा, पार्षद नंदिनी जैरथ और पार्षद जसप्रीत कौर भी मौजूद रहीं। डिप्टी मेयर ने कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आने वाले दिनों में ओएंडएम कमेटी की और बैठकें आयोजित की जाएंगी।