Summer express/पलवल, सुंदर कुंडू-:स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में पलवल में गुरुवार को पांच किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। खेल राज्य मंत्री हरियाणा गौरव गौतम ने जिला पुलिस लाइन से तिरंगा यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने 10 फीट चौड़ा विशाल तिरंगा अपने हाथों में थामकर देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। शहर की सड़कों पर तिरंगे के साथ उमड़े जनसैलाब ने पलवल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जगदीश नायर, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, हरेंद्र पाल राणा, हरित बैसला और उपायुक्त जयेंद्र सिंह छिल्लर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल की धरती पर आयोजित यह विशाल तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पांच किलोमीटर लंबा तिरंगा हजारों हाथों में लहराता हुआ शहर की सड़कों से गुजरा, जिसने राष्ट्रीय एकता और सामूहिक देशभक्ति का अनूठा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, शहीदों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।