Summer express/हमीरपुर,अरविंद-:हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई संपर्क मार्गों पर यातायात बाधित हो गया है। नादौन उपमंडल में बारिश ने सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है।नादौन के हथोल स्थित सरकारी स्कूल में खड्ड का पानी घुसने से अफरा-तफरी मच गई। तेज बहाव के कारण स्कूल की एक दीवार पानी में बह गई। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने बच्चों को तुरंत छुट्टी दे दी। सूचना मिलने के बाद नादौन के एसडीएम मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। राहत की बात है कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
वहीं, शुक्कर खड्ड से पाहलू तक जाने वाला संपर्क मार्ग तेज बहाव के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा पानी में बह जाने से करीब एक दर्जन गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क बंद होने से स्कूली छात्रों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बारिश के कारण कई अन्य सड़कों पर भी जगह-जगह बड़े-बड़े ल्हासे गिर गए हैं। मलबा गिरने से कई वाहन रास्ते में फंस गए। स्थानीय लोग और संबंधित विभाग संपर्क मार्गों को बहाल करने में जुटे हुए हैं।अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर अभिषेक गर्ग ने बताया कि हथोल स्कूल में खड्ड का पानी घुसने से दीवार क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि कश्मीर गांव में मलबे के कारण चार घरों के लोग फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।एडीसी ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के नजदीक जाने से बचें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा बारिश से हुए नुकसान का भी लगातार आकलन किया जा रहा है।