Summer express/राहुल चावला, शाहपुर-: पूर्व भाजपा सरकार में मंत्री एवं भाजपा नेता सरवीन चौधरी ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से कई वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। सरवीन चौधरी ने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये देने, गोबर खरीदने, दूध के दाम बढ़ाने और बिजली बिलों को लेकर किए गए वादे आज भी सवालों के घेरे में हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का कार्यकाल करीब चार वर्ष पूरा होने को है, लेकिन प्रदेश में विकास कार्यों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सड़कों की हालत का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास सड़कों की मरम्मत के लिए पर्याप्त बजट तक नहीं है। कई सड़कों पर लंबे समय से लुक नहीं डाली गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरवीन चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया था। उन्होंने कर्मचारियों की पेंशन का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारी अपना पूरा जीवन सेवा में लगा देता है और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन उसके लिए बड़ा सहारा होती है। ऐसे में समय पर पेंशन मिलना कर्मचारियों का अधिकार है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं को बातचीत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाता था। वहीं, कांग्रेस सरकार में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कथित व्यवहार पर उन्होंने सवाल खड़े किए। सरवीन चौधरी ने कहा कि सरकार में कुछ लोग बड़े अधिकारियों को भी ‘तू’ कहकर संबोधित करते हैं। उन्होंने कहा, “सभी को पता है कि मेरा इशारा किसकी तरफ है।”