सेक्टर-42/43 में आईईडी लगाने की थी कथित साजिश
शगुन कश्यप | चंडीगढ़
समर न्यूज
चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के कथित मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब छह किलो जिलेटिन स्टिक विस्फोटक, डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट ऑपरेटेड सिस्टम, एक पिस्तौल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई से चंडीगढ़ में कथित तौर पर बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम किया गया है। यह कार्रवाई डीजीपी चंडीगढ़ सागरप्रीत हुड्डा के दिशा-निर्देशन में आईजी चंडीगढ़ पुष्पेंद्र, डीआईजी यूटी चंडीगढ़ राजीव रंजन और एसपी ऑपरेशन अनुराग दारू की निगरानी में की गई।
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त को सूचना मिली थी कि तरनतारन के रहने वाले लवप्रीत सिंह और जसनप्रीत सिंह विदेश में बैठे आतंकी गतिविधियों से जुड़े लोगों के संपर्क में हैं और उनके पास बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री है। सूचना के अनुसार, दोनों चंडीगढ़ के सेक्टर-42/43 क्षेत्र में किसी भीड़भाड़ वाली जगह पर आईईडी लगाकर विस्फोट करने की योजना बना रहे थे। इसके बाद सेक्टर-36 थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 23 अगस्त को पुलिस ने लवप्रीत सिंह (19), निवासी गांव सरहाली, तरनतारन; जसनप्रीत सिंह उर्फ जसनदीप (21), निवासी गांव देवबाथ, तरनतारन और प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19), निवासी तरसिक्का, अमृतसर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से करीब छह किलो जिलेटिन स्टिक विस्फोटक, डेटोनेटर, रिमोट ऑपरेटेड सिस्टम, पावर सोर्स, पिस्तौल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में होने का दावा: पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, तीनों आरोपी बीकेआई मॉड्यूल के जमीनी स्तर के ऑपरेटिव के तौर पर काम कर रहे थे और विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर गतिविधियां संचालित कर रहे थे। आरोपियों को कथित आतंकी हमले के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं। इनमें विस्फोटक पहुंचाना, जरूरी सामान जुटाना, संभावित लक्ष्य की पहचान करना और हमले को अंजाम देने की योजना बनाना शामिल था।