summer express, नागपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सार्वजनिक जीवन में अपनी भूमिका और नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से लगातार सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं और अब पहले की तरह ज्यादा काम कर पाना संभव नहीं है। ऐसे में नई पीढ़ी को आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिलना चाहिए।
गडकरी ने कहा कि समय के साथ सार्वजनिक कार्यों में उनकी भागीदारी भी कम हुई है। उन्होंने कहा कि अब जिम्मेदारियां नई पीढ़ी को सौंपने की जरूरत है, जबकि पुरानी पीढ़ी उनका मार्गदर्शन करती रहे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे और कई उपलब्धियां भी हासिल कीं, लेकिन अब युवा नेतृत्व को काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में विकास कार्यों का दायरा और बढ़ेगा। उनका जोर इस बात पर है कि महाराष्ट्र का कोई भी आदिवासी गांव बिजली की सुविधा से वंचित न रहे और राज्य के हर हिस्से में विकास कार्य दिखाई दें।
गडकरी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर बदलाव और नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने की चर्चा तेज है। हाल ही में भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है। 65 सदस्यों वाली इस टीम में 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है, जिसे पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि, गडकरी के बयान में उन्होंने किसी पद से हटने या राजनीतिक जिम्मेदारी छोड़ने की घोषणा नहीं की है। उनका जोर मुख्य रूप से नई पीढ़ी को अवसर देने और अनुभवी नेताओं द्वारा उनका मार्गदर्शन करने पर रहा।