Summer express, पटियाला। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक प्रधान राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में व्यापारियों ने कारोबार से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की और सोशल मीडिया पर 27 अगस्त को पंजाब बंद को लेकर चल रही अपील का विरोध किया।
प्रधान राकेश गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की सहमति के बिना किसी अन्य वर्ग की ओर से बंद का आह्वान किए जाने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि 27 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार भी है। ऐसे में बाजार बंद रहने से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होगा और उन्हें भारी नुकसान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि कई बार विभिन्न संगठन पंजाब या पटियाला बंद का आह्वान करते हैं। ऐसे में व्यापारी दबाव या किसी तरह के डर के कारण अपनी दुकानें बंद करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। इससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। उन्होंने मांग की कि भविष्य में यदि किसी संगठन को पंजाब बंद का आह्वान करना है तो पहले व्यापार मंडल से संपर्क किया जाए और व्यापार मंडल की सहमति के बाद ही कोई फैसला लिया जाए।
राकेश गुप्ता ने व्यापारियों से भी अपील की कि व्यापार मंडल के समर्थन के बिना किसी भी बंद के आह्वान पर अपनी दुकानें बंद न करें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों और उनके कारोबार को ध्यान में रखते हुए ही बंद जैसे किसी फैसले पर विचार किया जाना चाहिए।
बैठक में भारत भूषण काला, बलबीर चंद सिंगला, राजेश गुप्ता मीना, कृष्ण कुमार वर्गा, जसवीर सिंह, मदन गोयल, भूपिंदर सिंह, राजिंदर वर्मा, मोहन लाल, अशोक गर्ग, राकेश शर्मा, गोपाल शर्मा, मोती लाल गर्ग, जसविंदर सिंह, दर्शन लाल और अरुण भारद्वाज सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।