Summer express , अंकुर कपूर , चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस के रोष प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ हुई कथित धक्का-मुक्की को लेकर कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत में वत्स ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने बिना किसी चेतावनी के उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की, जिसमें उन्हें चोटें आई हैं।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उनके हाथ में न तो कोई पोस्टर था और न ही बैनर। इसके बावजूद पुलिस ने उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
वत्स ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई को केवल उनके साथ हुई घटना के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार हो सकता है तो आम नागरिकों के साथ पुलिस का रवैया कैसा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह विधानसभा के बाहर अनशन करने के लिए मजबूर होंगे।
वत्स ने कहा कि वह इस मामले को मजबूती से उठाएंगे और जनप्रतिनिधियों के सम्मान तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।