Summer express, संजू, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 अगस्त की शाम से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होगा, जो 3 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि 1 सितंबर को छह जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण बारिश में कमी आई और प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। 28 और 29 अगस्त को मध्यवर्ती क्षेत्रों में दोपहर या शाम के समय सीमित अवधि के लिए बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 30 अगस्त की देर शाम से मानसून फिर रफ्तार पकड़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को कांगड़ा, सिरमौर और बिलासपुर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 1 सितंबर को चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 2 और 3 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की तीव्रता बनी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नाहन में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि कांगड़ा और बिलासपुर में करीब 35 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी शिमला में शुक्रवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही।
मानसून की कमजोर गतिविधियों के कारण प्रदेश के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। शिमला में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 28 से 29 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। ऊना में सबसे अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। केलांग और कांगड़ा में तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 30 अगस्त की शाम से बारिश शुरू होने के बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है।
इस मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में अब तक सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 28 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार लाहौल-स्पीति में सामान्य से 57 प्रतिशत, हमीरपुर में 35 प्रतिशत और मंडी में 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। दूसरी ओर शिमला और कुल्लू में सामान्य से 15 से 18 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। कांगड़ा, सोलन समेत कई अन्य जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग ने 30 अगस्त से 3 सितंबर के बीच संभावित खराब मौसम को देखते हुए लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लगातार बारिश के दौरान शिमला, सोलन, सिरमौर और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में दृश्यता कम होने की आशंका है। इसके अलावा प्रमुख नदियों, स्थानीय नदी-नालों और जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।