Summer express, संजू, शिमला। रक्षाबंधन के दिन हिमाचल प्रदेश में टैक्सी ऑपरेटरों के आंदोलन ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया। शिमला के चौड़ा मैदान में पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के सदस्यों का अनशन शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने समाप्त करवाया। इसके साथ ही यूनियन ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने की घोषणा कर दी।
टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के नेताओं राम रतन शर्मा, अभि ठाकुर और पूनम नेगी समेत अन्य प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान भी सरकार की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल नहीं की गई। यूनियन के अनुसार, आमरण अनशन के तीसरे दिन मेडिकल फिटनेस का हवाला देकर प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल से हटाने का प्रयास भी किया गया था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जयराम ठाकुर धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत टैक्सी ऑपरेटरों से बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और अनशन खत्म करने के लिए भरोसा दिलाया कि भाजपा उनके हितों की आवाज उठाती रहेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि टैक्सी ऑपरेटरों की मांगों को राज्य सरकार के सामने रखने के साथ ही जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर टैक्सी ऑपरेटरों के प्रति संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा टैक्सी ऑपरेटरों के साथ खड़ी है और उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
यूनियन नेताओं ने जयराम ठाकुर के धरना स्थल पर पहुंचने और उनकी मांगें सुनने के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जबकि जयराम ठाकुर स्वयं प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना।
टैक्सी ऑपरेटरों ने कोरोना काल का भी जिक्र किया। यूनियन नेताओं के मुताबिक, उस समय तत्कालीन भाजपा सरकार ने टैक्सी, ट्रक और बस ऑपरेटरों की परेशानियों को देखते हुए उनका सहयोग किया था। उन्होंने कहा कि भले ही कोरोना काल में टैक्सी ऑपरेटरों ने तत्कालीन भाजपा सरकार का विरोध किया था, लेकिन अब जयराम ठाकुर उनके समर्थन में खड़े हुए हैं।
यूनियन नेताओं ने इसी के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में खड़ी रहेगी। इस दौरान चौड़ा मैदान में प्रदर्शनकारियों ने ‘हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, जयराम ठाकुर जैसा हो’ के नारे भी लगाए।