Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। रक्षाबंधन के अवसर पर हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा का बहनें जमकर लाभ उठा रही हैं। प्रदेशभर में महिलाएं हरियाणा रोडवेज की बसों में बिना किराया दिए अपने भाइयों के घर पहुंच रही हैं और राखी बांधकर त्योहार मना रही हैं। इस सुविधा के तहत महिलाएं अपने 15 वर्ष तक के एक बेटे के साथ भी निशुल्क यात्रा कर सकती हैं।
सरकार की ओर से 27 अगस्त दोपहर बाद महिलाओं के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा शुरू की गई थी। यह सुविधा 28 अगस्त रात तक जारी रहेगी। रक्षाबंधन पर अपने मायके या भाई के घर जाने वाली महिलाओं के लिए यह सुविधा काफी मददगार साबित हो रही है। खासकर उन महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिल रहा है, जो किराए का खर्च अधिक होने के कारण हर साल अपने भाइयों के घर नहीं जा पाती थीं।
अंबाला बस स्टैंड पर भी निशुल्क यात्रा के दौरान महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। हालांकि इस बार अतिरिक्त बसों की उपलब्धता के कारण यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। महिलाएं आसानी से बसों में सवार होकर अपने गंतव्य तक पहुंच रही हैं। बसों में भी महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई दी, लेकिन पर्याप्त बसें चलने से व्यवस्था सामान्य बनी रही।
बसों में सफर कर रही महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना की। महिलाओं का कहना है कि रक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें अपने भाइयों के घर जाने के लिए किराए की चिंता नहीं करनी पड़ती। जिन बहनों के लिए आने-जाने का किराया जुटाना मुश्किल होता था, वे भी अब आसानी से भाई की कलाई पर राखी बांधने पहुंच रही हैं।
महिलाओं ने कहा कि सरकार की यह योजना हर साल रक्षाबंधन पर उनके लिए बड़ी राहत लेकर आती है। उन्होंने निशुल्क यात्रा की सुविधा देने के लिए हरियाणा सरकार का आभार जताया और इसे बहनों के लिए उपयोगी पहल बताया।