summer express ,चंडीगढ़ (अंकर कपूर)। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हंगामे और सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के साथ हुई। सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकाला। विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए सदन के अंदर भी विरोध जारी रखा।
हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही कई बार बाधित हुई। स्थिति बिगड़ने पर विधानसभा अध्यक्ष ने अनुशासनहीनता का हवाला देते हुए कांग्रेस के आठ विधायकों को पूरे दिन के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में विपक्ष के विरोध पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चर्चा और जनहित के मुद्दों पर बहस का मंच है, हंगामा करने की जगह नहीं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से कहा कि वह सरकार से जितने सवाल पूछना चाहे पूछ सकता है और सरकार हर सवाल का जवाब सदन में देने के लिए तैयार है।
सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस विधायकों के काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है। जनता नेताओं के कपड़े नहीं, बल्कि उनके काम और कारनामे देखती है। उन्होंने सदन में इस तरह की हुल्लड़बाजी को उचित नहीं बताया।
मानसून सत्र के पहले ही दिन हंगामा, विरोध प्रदर्शन और आठ कांग्रेस विधायकों के निलंबन से प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा गया। अब सत्र के आगामी दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होती है या टकराव और तेज होता है, इस पर नजर रहेगी।