Summer express , लुधियाना | पंजाब में मंगलवार को मौसम का मिजाज अलग-अलग जिलों में अलग रहा। प्रदेश के तीन जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक बारिश पठानकोट में हुई, जहां 49.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रोपड़ में 19.8 मिलीमीटर और होशियारपुर में 3.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पठानकोट में अच्छी बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। यहां दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। रोपड़ में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, पंजाब के अन्य जिलों में दिनभर मौसम साफ रहा और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पटियाला में 35.7 डिग्री, अमृतसर में 35.5 डिग्री और जालंधर में 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार से पंजाब में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 5 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में बारिश होने के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। खासतौर पर हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पंजाब के जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर से मौसम में सुधार आने और प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है, जिसके बाद आसमान साफ रह सकता है।