Summer express, पानीपत। बिना अनुमति लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कथित रूप से अवैध हड़ताल में शामिल होने के मामले में हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने पानीपत दमकल केंद्र में पालिका रोल पर कार्यरत अग्निशामक एवं दमकल चालक रणबीर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।
महानिदेशक कार्यालय, पंचकूला की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए। आदेशों के अनुसार संबंधित कर्मचारी 6 अगस्त 2026 से बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति और बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। विभाग ने आरोप लगाया है कि कर्मचारी यूनियन की गतिविधियों में शामिल थे, हड़ताल में भाग ले रहे थे और अन्य कर्मचारियों को भी हड़ताल में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
निदेशालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं अत्यंत आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में आती हैं। अग्निशमन एवं आपातकालीन अधिनियम 2022 की धारा 51 के तहत सरकार की पूर्व अनुमति के बिना किसी यूनियन से संबद्ध होना और उसकी गतिविधियों में भाग लेना नियमों के विरुद्ध है।
विभाग के अनुसार कर्मचारी की गतिविधियों से आवश्यक सेवाओं के संचालन पर असर पड़ने की आशंका थी। इसे गंभीर अनुशासनहीनता और हरियाणा नागरिक सेवा नियमावली 2016 का उल्लंघन माना गया है। जनहित को ध्यान में रखते हुए विभाग ने संबंधित कर्मचारी को सेवा में बनाए रखने के योग्य नहीं पाया और उनकी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया।
वहीं, दमकल कर्मचारी यूनियन के प्रधान रणबीर सिंह ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में 11 यूनियन प्रधानों की सेवाएं समाप्त की गई हैं, जबकि 41 नियमित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने इसे हड़ताल समाप्त करवाने के लिए सरकार की ओर से दबाव बनाने की कार्रवाई बताया।
यूनियन प्रधान रणबीर सिंह ने कहा कि विभागीय कार्रवाई के बावजूद कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने संकेत दिए कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।