एजेंसी | अमृतसर
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास रविवार रात ड्रोन उड़ने से हड़कंप मच गया। रनवे के नजदीक ड्रोन जैसी वस्तुएं मंडराती दिखाई देने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर करीब डेढ़ घंटे तक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा और लैंडिंग के लिए आ रही सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।
इनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल थीं। घटना रात करीब 10 बजे की है। एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया और रनवे के पास ड्रोन जैसी वस्तुओं की गतिविधि दिखाई दी। भारतीय वायुसेना से सूचना मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू की। पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचना दी गई। करीब 9:50 बजे उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। सात विमानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर भेजना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर रात करीब 11:15 बजे संचालन बहाल कर दिया गया।
{खेल टूर्नामेंट में उड़ा था ड्रोन…
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि ड्रोन किसी संदिग्ध या आतंकी गतिविधि से जुड़े नहीं थे। एयरपोर्ट के पास एक गांव में आयोजित खेल टूर्नामेंट की वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन उड़ाया गया था। पुलिस ने ड्रोन संचालक की पहचान और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए इसके आसपास करीब आठ किलोमीटर के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध है।