एजेंसी | नई दिल्ली
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को ढही पांच मंजिला इमारत के मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद से फरार बंसल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। पुलिस उसे दिल्ली ले आई है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसकी तलाश में दिल्ली पुलिस की 10 टीमें लगाई गई थीं।
हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। बचाव दल ने 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला है। इनमें कई घायल हैं और कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, दमकल और पुलिस की टीमें खोजी कुत्तों, कैमरों और भारी मशीनों की मदद से तलाश अभियान चला रही हैं। सत्य निकेतन में दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित यह इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी बताई गई है। इसका इस्तेमाल लड़कों के पीजी के तौर पर किया जा रहा था। हादसे के समय इमारत के बेसमेंट में मरम्मत या निर्माण संबंधी काम चल रहा था। जांच में बेसमेंट में पानी जमा होने और वहां चल रहे काम को इमारत की संरचनात्मक कमजोरी से जोड़कर देखा जा रहा है।
{गैर दरादतन हत्या का मामला दर्ज: पुलिस ने हरिराम बंसल और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या, इमारत की मरम्मत या निर्माण में लापरवाही और लोगों की जान को खतरे में डालने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।