Summer express, फरीदाबाद, अनिल मंगला। फरीदाबाद के सेक्टर-77 में टैक्सी चालक की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के करीब दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने आरोपी कुंदन निवासी चांदपुर को काबू किया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि टैक्सी के परमिट बनवाने के लिए दिए जाने वाले पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर टॉवल से गला घोंटकर चालक की हत्या कर दी।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 अक्टूबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-77 की मुख्य सड़क पर खड़ी एक टैक्सी की चालक सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही बीपीटीपी थाना पुलिस, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। मृतक की पहचान सेक्टर-77 स्थित केएलजे सोसायटी निवासी 50 वर्षीय प्रकाश के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के छोटे भाई निर्मल की शिकायत पर बीपीटीपी थाने में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कुंदन और प्रकाश की करीब चार साल से जान-पहचान थी। दोनों टैक्सी चलाने का काम करते थे। कुंदन अपनी टैक्सी का परमिट प्रकाश के माध्यम से बनवाता था। इस बार परमिट बनवाने में लगने वाले पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात दोनों टैक्सी में बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान पैसों को लेकर फिर विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आकर कुंदन ने टैक्सी में रखे टॉवल से प्रकाश का गला घोंट दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी को प्राथमिकी दर्ज होने के करीब दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।