रवि नगर स्थित वाल्मीकि मंदिर में हुआ भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों सहित श्रद्धालुओं ने लिया महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने का संकल्प
मंडी/धर्मवीर -:छोटी काशी मंडी में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रवि नगर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में सदर विधायक अनिल शर्मा, नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर और डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक अनिल शर्मा ने मंदिर परिसर में झंडा रस्म निभाई। इसके बाद उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि वाल्मीकि का आशीर्वाद लिया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण ने समाज को नई दिशा प्रदान की है। रामायण आज भी लोगों को अच्छे कर्म करने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और जीवन में आदर्शों का पालन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि रामायण के माध्यम से समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश मिलता है।विधायक ने सभी लोगों से महर्षि वाल्मीकि के बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए सामाजिक उत्थान में अपना योगदान देना चाहिए।