दिल्ली रैली के लिए सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का लगाया आरोप, धर्मशाला पदयात्रा में पालमपुर से शामिल होंगे 3000 लोग
Summer express/पालमपुर-:भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने भाजपा संगठनात्मक जिला पालमपुर की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान दर्शना सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण
(एसआईआर) को लेकर कांग्रेस की प्रस्तावित दिल्ली रैली पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार से हताश कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली रैली के लिए हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार सरकारी मशीनरी और संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है।
दर्शना सिंह ने कहा कि शिमला में कांग्रेस नेताओं की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता से स्पष्ट है कि पार्टी एसआईआर के मुद्दे पर राजनीतिक माहौल बनाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बजाय अपनी नीतियों और उपलब्धियों पर बात करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि भाजपा का मानना है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता को उसके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करना लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए दर्शना सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एम.एस. गिल को केंद्रीय मंत्री बनाया गया था। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से चुनाव आयोग पर राजनीतिक आरोप लगाने से पहले अपने अतीत पर भी विचार करने की बात कही।
धर्मशाला में 30 अक्टूबर को भाजपा की पदयात्रा, पालमपुर से जुटेंगे 3000 लोग
दर्शना सिंह ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से 30 अक्टूबर को धर्मशाला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसमें भाजपा संगठनात्मक जिला पालमपुर से लगभग 3000 कार्यकर्ता और नागरिक भाग लेंगे।उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, कानून-व्यवस्था और प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों को उठाएगी।बैठक में पदयात्रा की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और मंडल एवं बूथ स्तर पर समन्वय को लेकर चर्चा की गई। दर्शना सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों से सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर पर निरंतर जनसंपर्क, सक्रियता और आपसी समन्वय जरूरी है।