Summer express, होशियारपुर। होशियारपुर-टांडा रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, युवक अपने डेढ़ साल के बच्चे को साथ लेकर महाराजा पैलेस की ओर जा रहा था। रास्ते में किसी कारणवश उसे रुकना पड़ा, जिसके बाद उसने अपनी एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी कर ली। युवक उस समय एक्टिवा पर ही बैठा हुआ था, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा के दो टुकड़े हो गए और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
हादसे से गुस्साए गांववासियों और मृतक के परिजनों ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए, ताकि ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।