दलजीत विक्की | नई दिल्ली
समर न्यूज
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह जी एवं उपाध्यक्ष सरदार गुरुविंदर सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान सिख समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के विकास, प्रबंधक कमेटी की ओर से किए जा रहे कार्यों व देश-विदेश से आने वाली संगत की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान पटना साहिब कॉरिडोर, कंगन घाट में बहुमंजिला पार्किंग, हरिमंदिर गली के विकास सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। गृहमंत्री शाह ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में प्रबंधक कमेटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा चल रही विकास योजनाओं की प्रगति के संबंध में भी चर्चा की। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह जी ने कहा कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की गरिमा और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए संगत को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना कमेटी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पटना साहिब के समग्र विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से किए जा रहे प्रयासों को और गति देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अमित शाह के साथ हुई मुलाकात बेहद सकारात्मक एवं आश्वस्तकारी रही। पटना साहिब के विकास तथा सिख समाज से जुड़े विषयों को जिस गंभीरता से सुना गया, उससे संगत में भी सकारात्मक संदेश गया है। उपाध्यक्ष सरदार गुरुविंदर सिंह ने कहा कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब विश्वभर की सिख संगत की आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालुओं की सुविधा, पटना साहिब के विकास और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए प्रबंधक कमेटी निरंतर प्रयासरत है।