summer express , हिसार। हरियाणा में सितंबर के पहले सप्ताह में सक्रिय रहा मानसून अब कमजोर पड़ गया है। प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश की गतिविधियां कम रहने से तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 सितंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
सोमवार को हरियाणा में कहीं भी व्यापक बारिश दर्ज नहीं हुई। पिछले 24 घंटे में पलवल में 43 मिलीमीटर, सोनीपत में 25 मिलीमीटर, रोहतक में 2.5 मिलीमीटर तथा पानीपत और करनाल में एक-एक मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश की गतिविधियां थमने के साथ ही कई जिलों में तापमान बढ़ा है। सोमवार को हिसार 38.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा भिवानी में 36.5, चरखी-दादरी में 36.3 और गुरुग्राम में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, पिछले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के उत्तरी जिलों और एनसीआर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है। यमुनानगर, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद में 25 से 110 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
उन्होंने बताया कि मानसून टर्फ के हरियाणा से दूर खिसकने और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के कारण अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना कम है। 10 सितंबर तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
इसके बाद 11 सितंबर को मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 11 और 12 सितंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल दक्षिणी हरियाणा में बारिश की कमी के कारण गर्मी और उमस बढ़ने लगी है।