सरकार से जल्द निर्माण शुरू करने की मांग
Summer express/चम्बा/मंजूर पठान-:चम्बा जिला के सिकरीधार सीमेंट प्लांट का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से इस सीमेंट प्लांट को शुरू करने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक लोगों की उम्मीदें पूरी नहीं हो पाई हैं। चुराह विधानसभा क्षेत्र की कल्हेल पंचायत में प्रस्तावित इस सीमेंट उद्योग के शुरू होने से जहां क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है, वहीं हजारों बेरोजगार युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने सरकार से जल्द इस परियोजना को धरातल पर उतारने की मांग की है।
चम्बा जिला में रोजगार के सीमित अवसरों के चलते युवाओं को नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है। कई युवा अपने परिवार से दूर चंडीगढ़, चेन्नई और अन्य शहरों में जाकर मेहनत-मजदूरी करने को मजबूर हैं। ऐसे में सिकरीधार सीमेंट प्लांट को स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिहाज से अहम माना जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सीमेंट उद्योग को लेकर लंबे समय से चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन अभी तक इसे अमलीजामा नहीं पहनाया गया है। लोगों को उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाएगी और परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी प्रयास करेगी।स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि सिकरीधार सीमेंट प्लांट को जल्द शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि चम्बा के बेरोजगार युवाओं को अपने घर के पास रोजगार मिल सके और क्षेत्र का आर्थिक विकास हो।