Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े एक संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने बीरता क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर छह लोगों को डिटेन किया है। मौके से 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में Fairplay, Lotus 365 और 100 Panel जैसे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को गेम खेलने और पैसे लगाने के लिए प्रेरित किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में अलग-अलग राज्यों के बैंक खातों, UPI आईडी और QR कोड का इस्तेमाल कर पैसों का लेनदेन किया जा रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और पैसों के लेनदेन की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को पुलिस थाना कांगड़ा को बीरता क्षेत्र में एक मकान की दूसरी मंजिल पर संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना कांगड़ा के एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। यहां छह व्यक्ति कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। पुलिस के अनुसार, इनमें तीन व्यक्ति हिमाचल प्रदेश और तीन बिहार के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप अपने कब्जे में लिए हैं।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर Fairplay, Lotus 365 और 100 Panel जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन बेटिंग गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पूछताछ के दौरान बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के स्रोत और उनके इस्तेमाल को लेकर संबंधित व्यक्ति संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस को आशंका है कि विभिन्न राज्यों के बैंक खातों से जुड़ी UPI आईडी और QR कोड के जरिए लोगों से पैसे प्राप्त किए जा रहे थे। इन खातों का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के तौर पर किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने थाना कांगड़ा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(5) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित बेटिंग गतिविधियों से प्राप्त धनराशि किन-किन बैंक खातों में जमा हुई और क्या इसे दूसरे राज्यों या विदेश में भी ट्रांसफर किया गया। इस मामले में तरुण नाम के व्यक्ति को मुख्य संचालक बताए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच में उसकी भूमिका सहित अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि फिलहाल छह लोगों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप के तकनीकी विश्लेषण के साथ बैंक खातों के लेनदेन की पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि नेटवर्क का संचालन स्थानीय स्तर पर हो रहा था या इसके तार अन्य राज्यों और विदेशों से भी जुड़े हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।